राजस्थान के करौली जिले में हुई हिंसा पर पुलिस बेहद सख्त हो गई है। पुलिस 46 उपद्रवी गिरफ्तार किए है। जबकि 7 उपद्रवी हिरासत में लिए गए है। 21 वाहन जब्त किए है। आईजी भरतपुर रेंज, प्रसन्न कुमार खमेसरा ने बताया कि शनिवार को फूटा कोट क्षेत्र मैन बाजार करौली में जुलूस के दौरान हुए पथराव के बाद पुलिस ने तत्परतापूर्वक कार्यवाही करते हुए 46 लोगों को गिरफ्तार कर, 07 को पूछताछ हेतु पुलिस हिरासत में लिया है। 13 आरोपियों को घटना के सम्बन्ध में थाना कोतवाली करौली में दर्ज प्रकरण में तथा 33 लोगों को कर्फ्यू आदेश के उल्लंघन करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। 07 लोगों को पूछताछ हेतु पुलिस हिरासत में लिया गया है। इस दौरान कुल 21 दुपहिया व चौपहिया वाहन भी पुलिस द्वारा जब्त किये गये।
आरएसी को करौली बुलाया गया
आईजी प्रसन्न कुमार खमेसरा ने बताया कि घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए स्वयं तत्काल मौके पर करौली पहुॅचकर पुलिस अधीक्षक करौली शैलेन्द्र सिंह इन्दौलिया के साथ परिस्थितियों का जायजा लेकर रेंज के अन्य जिलों से आवश्यक पुलिस जाब्ता एवं आरएसी को बुलाकर मौके पर शान्ति एवं व्यवस्था हेतु लगाया गया। पुलिस मुख्यालय के द्वारा हालात पर निकट सुपरवीजन के उद्देश्य से अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस, पुर्नगठन एवं नियम संजीब नार्जरी, महानिरीक्षक पुलिस, कानून एवं व्यवस्था भरत लाल मीना, उप महानिरीक्षक पुलिस, अपराध शाखा राहुल प्रकाश, उपायुक्त जयपुर दक्षिण मृदुल कच्छावा, पुलिस अधीक्षक धौलपुर नारायण टोगस को कानून एवं व्यवस्था की स्थिति बनाये रखने में सहयोग हेतु करौली भेजा गया। उपरोक्त सभी अधिकारियों ने जिला मुख्यालय करौली पर कैम्प किया हुआ है। आईजी खमेसरा ने बताया कि कानून एवं व्यवस्था को बनाये रखने के लिए शहर में जगह-जगह पुलिस जाब्ता लगाकर हालात पर निकटतम निगरानी जारी है। शहर में पुलिस जाब्ता के साथ फ्लेग मार्च किया गया। अभी हालात नियन्त्रण में हैं परन्तु शहर में एहतियात के तौर पर कर्फ्यू लगाया गया है।
कर्फ्यू 4 अप्रैल तक बढ़ाया गया
करौली जिला मुख्यालय पर कर्फ्यू 4 अप्रैल को रात 12 बजे तक बढ़ा दिया गया है। वहीं इंटनेट सेवाएं भी 4 अप्रैल तक बंद रहेंगी। पुलिस की मौजूदगी में आज 2 बजे से 5 बजे तक सब्जी, दूध और जरूरी चीजें बेचने की अनुमति दी गई। हालांकि, अनुमति देने के बाद भी लोगों ने घर में रहना ही उचित समझा। मेडिकल दुकानें अनुमति मिलने के बाद भी पूरे दिन बंद रही। करौली जिला मुख्यालय पर भारी पुलिस जाब्ता तैनात है। 50 अधिकारियों समेत 1200 पुलिस कर्मी चप्पे-चप्पे पर नजर रखे हुए है। पूरे मामले की जांच के लिए एसआईटी का भी गठन किया है।







