दिल्ली के तीस हजारी अदालत परिसर में एक वकील के चेंबर में गुरुवार को एक व्यक्ति मृत पाया गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक की पहचान मनोज (35) के रूप में हुई है। वह दिल्ली बार एसोसिएशन में चपरासी के पद पर काम करता था। मनोज पिछले कई दिनों से बीमार चल रहा था। उसे वकील ने अपने चेंबर रुकने की इजाजत दी थी। उन्होंने बताया कि शव के पोस्टमार्टम के बाद मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
टीबी का मरीज था मृतक युवक
बताया जा रहा है कि मृतक टीबी का मरीज था और वह शराब भी पीता था। कूड़ेदान में खून की उल्टी मिली। पुलिस ने बताया कि शायद शख्स उल्टी के बाद बेहोश हो गया। इसके बाद उसकी मौत हो गई। मृतक के पूरे शरीर में कोई बाहरी चोट का निशान नहीं मिला है।







