अररिया जिले के भरगामा थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर दक्षिण पंचायत स्थित वार्ड नौ में बुधवार की दोपहर महज एक बीघा जमीन विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान कई चक्र गोली भी चली। गोली लगने से एक 60 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। वहीं आधा दर्जन लोग घायल हो गये।
मृतक चंदेश्वरी ऋषिदेव रघुनाथपुर दक्षिण वार्ड नंबर नौ का ही रहने वाला था। जबकि घायलों में उमेश ऋषिदेव, भीम ऋषिदेव, केवली देवी, मदनी देवी, सबरी देवी,जामुन ऋषिदेव एवं सिकंदर ऋषिदेव शामिल हैं। मृतक के भतीजे उमेश व भीम को गोली के छर्रे लगे हैं। जबकि पत्नी केबली देवी पिटाई से घायल हुई हैं। इन तीनों का सदर अस्पताल पूर्णिया में इलाज चल रहा है।
अन्य घायल मदनी देवी, सबरी देवी, जामुन ऋषिदेव एवं सिकंदर ऋषिदेव का स्थानीय स्तर पर इलाज चल रहा है। इधर पुलिस ने दो आरोपियों प्रमोद यादव व राजीव यादव को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
पुलिस ने शव का पोस्टपार्टम कराकर परिजन को सौंप दिया। लेकिन परिजनों ने दाह-संस्कार करने से इंकार कर दिया। कहा कि जब तक मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो जाती और वरीय पुलिस अधिकारी दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन नहीं दे देते तब तक शव को उठने नहीं दिया जाएगा।
20 वर्षों से एक बीघा जमीन को लेकर चल रहा था विवाद
रघुनाथपुर दक्षिण पंचायत के वार्ड 9 में एक बीघा भूमि को लेकर करीब 20 वर्षों से चन्देश्वरी ऋषिदेव व दयानंद यादव के बीच विवाद चल रहा था। थाना के जनता दरबार में भी मामले का निबटारा नहीं हुआ। विवादित भूखंड पर इस बार चंदेश्वरी ऋषिदेव ने धान की रोपनी की थी। लेकिन बुधवार को दयानंद यादव के पक्ष के लोग धान काटने पहुंच गये। इसी दौरान पहले दोनों पक्ष के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद मारपीट और फिर फायरिंग हुई।
इस फायरिंग में एक गोली चंदेश्वरी ऋषिदेव के पेट में लगी। आनन फानन में लोगों ने उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। जबकि अन्य तीन को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति है।
हालांकि भरगामा पुलिस वहां कैंप कर रही है। थानेदार उमेश कुमार ने बताया कि पूर्व से चले आ रहे भूमि विवाद में घटना हुई है। गोली व लाठी डंडे चलने से एक की मौत व अन्य घायल हुए हैं। मृतक के भतीजे उमेश ऋषिदेव के आवेदन पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना का मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।







