लोनी। बॉर्डर थाना क्षेत्र के लक्ष्मी गार्डन में सोमवार शाम करीब पौने चार बजे कैब अनियंत्रित होकर फुटपाथ पर दौड़ी। कैब दो ठेली और दो कारों को टक्कर मरते हुए खंभे से टकरा गई। हादसे में एक महिला और दो बच्चे घायल हो गए। कैब चालक नशे में था। पुलिस ने चालक सहित दो लोगों को हिरासत में ले लिया है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लोग फुटपाथ पर ठेली खड़ी कर सब्जी व अन्य सामान बेच रहे थे। फुटपाथ पर दो कार खड़ी थीं। करीब पौने चार बजे एक कैब सड़क से फुटपाथ पर आ गई। इसके बाद कैब ने एक के बाद दूसरी ठेली को टक्कर मारी। लोगों ने शोर मचाया। लोग फुटपाथ से इधर-उधर भागने लगे।
कैब ने वहां खड़ी दो अन्य कारों को टक्कर मार दी। इसके बाद कैब बिजली के खंभे में टकराते हुए नाले में जाकर लटक गई। जिससे दोनों कार क्षतिग्रस्त हो गईं। ठेली पर बैठकर सब्जी बेच रही संगम विहार कालोनी की महिला भगवान देवी घायल हो गईं। कैब के चपेट में 10 वर्षीय यश और 12 वर्षीय आशीष आ गए। तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कैब में दो युवक बैठे थे। उन्हें लोगों ने पकड़ लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों आरोपितों को हिरासत में ले लिया। पुलिस की जांच में आया है कि कैब चालक ने शराब पी रखी थी।







