बिहार के बांका जिले से भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां एक तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गई। इस घटना में ऑटो सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी लोग झारखंड के गोड्डा से जमुई लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार, घटना बांका टाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत दुधारी गांव के पास की है। बताया जा रहा है कि ऑटो सवार सभी लोग झारखंड के गोड्डा जिले में मोतियाबिंद का ऑपरेशन कराने गए थे। ऑपरेशन कराने के बाद सभी जमुई लौट रहे थे। इसी दौरान ऑटो चालक ने अपना संतुलन खो दिया और ऑटो सड़क किनारे ताड़ के पेड़ से टकराकर पलट गई। हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए बांका सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सभी मृतक एवं घायल जमुई के लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत काला बिशनपुर गांव निवासी है। मृतकों की पहचान बिशनपुर गांव निवासी प्रसाद यादव, शारदा देवी एवं उषा देवी के रूप में की गई। वहीं घाययों में मंजू देवी, तारा देवी, एतवारी यादव एवं चंपा देवी शामिल हैं।







