राजधानी दिल्ली को भीषण गर्मी का कहर जारी है। मौसम विभाग का अनुमान है कि हल्की बरसात और बादलों के चलते गुरुवार से अधिकतम तापमान 40 डिग्री से नीचे आना शुरू होगा। रविवार तक अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाने की संभावना है।
दिल्ली के लोगों को इस बार मानसून के मौसम में भी भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में मंगलवार की सुबह से ही तेज चमकदार सूरज निकला रहा। दिन चढ़ने के साथ ही धूप भी तीखी और तेज हो गई। दिल्ली के सफदरजंग मौसम केन्द्र में दिन का अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जो कि सामान्य से चार डिग्री ज्यादा है। जबकि, न्यूनतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से एक डिग्री ज्यादा है।
दिल्ली के कुछ हिस्से ऐसे भी रहे जहां पर अधिकतम तापमान 42 डिग्री से भी ज्यादा रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के नजफगढ़ केन्द्र में अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री और पूसा केन्द्र में 42.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
बुधवार को भी तेज गर्मी के आसार
मौसम विभाग का अनुमान है कि बुधवार के दिन भी राजधानी को तेज गर्मी झेलनी पड़ेगी। इस दौरान तापमान 41 डिग्री तक पहुंच सकता है। दिन के समय हल्के बादलों की आवाजाही लगी रह सकती है। जबकि, हवा की रफ्तार भी 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रह सकती है।
बादल और बूंदाबांदी देगी राहत
बुधवार के बाद दिल्ली के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार से अगले चार दिनों के बीच बादल और हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट आएगी। गुरुवार के दिन भी अधिकतम तापमान 40 से नीचे रहने की उम्मीद है। जबकि, रविवार तक अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक आने के आसार हैं।
दिल्ली की हवा साफ-सुथरी
वहीं, अलग-अलग मौसमी गतिविधियों की वजह से दिल्ली की हवा अपेक्षाकृत साफ-सुथरी बनी हुई है। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक मंगलवार का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 144 के अंक पर रहा। इस स्तर की हवा को मध्यम श्रेणी में रखा जाता है। सफर का अनुमान है कि अगले तीन दिनों के बीच वायु गुणवत्ता का स्तर इसके आसपास ही बना रहेगा।







