दिग्विजय सिंह सोशल मीडिया पर विवादित बयानों से भी चर्चा में बने रहते हैं। अब दिग्विजय ने ट्वीट में RSS प्रमुख मोहन भागवत और AIMIM अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी को एक-दूसरे का मददगार बताया है। यह तब है जब चित्रकूट उत्तर प्रदेश में RSS की प्रांत प्रचारक बैठक (9 जुलाई से 7 जुलाई) होने जा रही है। इसमें मध्य प्रदेश से भी BJP के बड़े नेता जुड़ेंगे।
2015 में दिग्विजय सिंह ओवैसी और भागवत पर ट्वीट कर मुश्किल में पड़ चुके हैं। इंदौर में उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत तक हो गई थी। 5 साल बाद दिग्विजय ने फिर ओवैसी और भागवत को एक सिक्के के दो पहलू बताकर ट्वीट किया है।
5 साल पहले पड़ गए थे मुश्किल में
22 सितंबर, 2015 को दिग्विजय सिंह ने फोटो पोस्ट की थी। इसके साथ उन्होंने लिखा था- ये दोनों ही चेहरे समाज में कट्टरता फैला रहे हैं। देश के सामाजिक ताने-बाने को नष्ट कर रहे हैं। साथ ही इस बात का भी जिक्र किया था कि यह फोटो उन्हें एक दोस्त ने भेजी है।
इस फोटो में आधा चेहरा मोहन भागवत का और आधा ओवैसी का था। फोटो पर दोहरा चरित्र लिखा था। इंदौर के एक वकील ने दिग्विजय पर सांप्रदायिक सौहाद्र बिगाड़ने का आरोप लगाते हुए शिकायत की थी।







