छपरा: बिहार में आपराधिक घटनाओं का ग्राफ दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला सारण जिले का है, जहां भूमि संबंधित विवाद में एक व्यक्ति की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई है। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, घटना जिले के भगवान बाजार थाना क्षेत्र की है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, जिले के अजायबगंज मोहल्ला निवासी बिरजू राय अपने घर में चाहरदिवारी का निर्माण कार्य करवा रहा था। इसी दौरान उसके पट्टीदारों ने उसके उपर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। जिसके कारण वह घायल हो गया।
सूत्रों ने बताया कि घायलावस्था में बिरजू को इलाज के लिए सदर अस्पताल छपरा लाया गया। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्राथमिकी दर्ज कर जांच कर रही है।







