भागलपुर जिले के नदी थाना क्षेत्र के अठहर बीघी खगड़िया बहियार में नया टोला भवनपुरा निवासी छात्र नीरज कुमार (18) की बदमाशों ने गोली मार कर हत्या कर दी। उसके सिर एवं गर्दन में एक-एक गोली लगी है। घटना शुक्रवार अहले सुबह की बताई जा रही है। उस समय मृतक अपने पिता विलास मंडल के साथ अपने बासा पर सोया हुआ था। इसी दौरान बदमाशों ने सोये अवस्था में गोली मार कर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश हथियार लहराते हुए फरार हो गये। छात्र की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। गोली की आवाज सुनकर एवं उसके पिता के हल्ला करने पर आसपास बासा पर सोये लोग मौके पर पहुंचे।
बता दें कि मृतक नीरज का भागलपुर के अकरनगर में शादी तय हो चुकी थी। जिसका 20 जनवरी को तिलक होने वाला था। घर के सदस्य इसकी तैयारी में लगे हुए थे। साफ-सफाई के अलावा घर का रंगाई हो रहा था। तिलक में आने के लिए संबंधियों को निमंत्रण भेजा जा चुका था।
मकर संक्रांति के अवसर पर दही के लिए रंगदारी के तौर पर विलास मंडल द्वारा दूध नहीं देने पर आक्रोशित बदमाशों ने उसके पुत्र की हत्या कर दी। मामले की जानकारी पर शुक्रवार की सुबह पुलिस मौके पर पहुंची एवं आवश्यक जांच पड़ताल कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेजा। वहीं पुलिस को मौके पर से एक खोखा भी बरामद हुआ है। उसके पिता ने गांव के ही कुख्यात मौसम यादव समेत छह लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। नदी थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि मृतक के पिता के बयान पर कुख्यात मौसम यादव सहित छह पर प्राथमिकी दर्ज कर सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार की शाम मकर संक्रांति के अवसर पर दही के लिए दूध लाने मृतक नीरज अपने पिता के पास खगड़िया बहियार गया था। जहां रात में खाना खाकर पिता के साथ सो गया। वह शुक्रवार की सुबह दूध लेकर घर आता। किन्तु इससे पूर्व ही बदमाशों ने उसकी हत्या कर दी। उसके पिता ने बताया कि 10 जनवरी को कुख्यात मौसम अपने साथियों के साथ बासा पर आया और रंगदारी के तौर पर दूध की मांग की। जिस पर मैं अधिक देने में असमर्थता जताते हुए दो किलो दूध देने को तैयार हुआ। इस बात पर वे लोग आक्रोशित हो गये एवं अंजाम भुगतने की धमकी देते हुए चले गये। पिता ने बताया कि मौसम यादव समेत चार अन्य बदमाश गांव के ही थे। उसके साथ में खरीक गणेशपुर के दो बदमाश थे। वहीं एसपी ने नदी थाना पहुंचकर मामले की पूरी जानकारी लेते हुए थानाध्यक्ष को दिशा निर्देश दिया। नीरज के पिता करीब 20 वर्षो से खगड़िया बहियार में रहकर खेतीबारी करते हैं एवं वहीं भैंस भी पालते हैं। उसके पास अभी 14 भैंस है। मृतक की मां जालो देवी का भी पिछले वर्ष एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी।







